
धर्मशाला। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि राज्य में जल्द ही सर्किट बसें चलाई जाएंगी। फिक्स किराये पर चलने वाली इन बसों में उपभोक्ताओं को तीस फीसदी डिस्काउंट मिलेगा। पहली बस धर्मशाला-कांगड़ा-नगरोटा, दूसरी पालमपुर बैजनाथ, तीसरी नूरपुर-जसूर, चौथी जवाली-नादौन-हमीरपुर और पांचवीं ऊना से चिंतपूर्णी के बीच चलेगी।
परिवहन मंत्री ने कहा कि जिन निजी आपरेटरों ने सरकार को टैक्स अदा नहीं किया है, उनकी सूची मालिकों के नाम सहित आरटीओ कार्यालयों में चस्पां की जाएगी। निगम और निजी बसों के चालक और परिचालक अगर ड्यूटी टाइम में बिना वर्दी के देखे गए तो उनके लाइसेंस रद किए जाएंगे।
बेडे़ में शामिल होंगी 500 बसें
परिवहन निगम के बेड़े में 500 नई बसें शामिल की जाएंगी। परिवहन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हिमाचल के लिए 1000 अतिरिक्त बसें देने की बात की है। हिमाचल प्रदेश की ट्रांसपोर्ट पॉलिसी भी जल्द आने वाली है।
