
नैनीताल। संयुक्त उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के तत्वाधान में राज्य आंदोलनकारियों का कुमाऊं मंडलीय सम्मेलन नैनीताल क्लब में हुआ। बैठक में आंदोलनकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की तर्ज पर सुविधाएं देने, चिन्हीकरण में पारदर्शिता बरतने, 50 वर्ष तक के सभी आंदोलनकारियों को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई।
वक्ताओं ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों को नौकरी में मिल रहे दस फीसदी क्षैतिज आरक्षण को हाईकोर्ट से रद्द किया जाना प्रदेश सरकार की अदूरदर्शिता को दर्शाता है। परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा देने, जिला, ग्राम, नगर पंचायतों, नगर पालिकाओं, निगमों के तहत होने वाले सभी चुनावों में रोस्टर के तहत उनके लिए सीटें आरक्षित करने आदि मांगें भी उठाई गई।
वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी गिरीश चंद्र उप्रेती की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन में मुख्य अतिथि उक्रांद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. नारायण सिंह जंतवाल थे। संचालन नगर उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण लोहनी और उक्रांद के केंद्रीय प्रवक्ता डा. सुरेश डालाकोटी ने किया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विनोद घिड़ियाल, महामंत्री नित्यानंद पांडे, शाकिर अली, मोहन शर्मा, योगेश तिवारी, सुंदर नेगी, पान सिंह सिजवाली, जगदीश बुधानी, पूूरन सिंह मेहरा, ब्रह्मानंद डालाकोटी, डा. डीके जोशी, केएल आर्य, हरीश भट्ट, मो. नईम आदि मौजूद थे।
