
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। प्रदेश खेल एवं युवा सेवाएं बोर्ड के सौजन्य से रामपुर बुशहर में 30वें राज्यस्तरीय युवा उत्सव में कांगड़ा के फनकारों ने अपने हुनर के बल पर 4 खिताब हासिल कर कांगड़ा का नाम रोशन किया। तीन दिन तक चले इस कार्यक्रम के दौरान इस प्रतियोगिता में विभिन्न मुकाबलाें में कांगड़ा से सितार वादन में डा. रमन भागसेन ने प्रथम स्थान और लोकगीत में डा. हेमराज, रमेश, नवरत्न, वंदना, नितिका, सतपाल, अक्षय, अंकुश, नेहा, प्रियंका ने अपने ग्रुप में प्रथम स्थान हासिल किया। क्लासिकल संगीत में नीतिका ने द्वितीय स्थान तथा तबला वादन में सतपाल ने तृतीय स्थान हासिल किया। अब ये प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुने गए हैं। पूरी टीम का कांगड़ा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।
