राजेश हत्याकांड में युवक गिरफ्तार

कुमारसैन (शिमला)। राजेश हत्याकांड की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। गहन जांच में जुटी पुलिस ने कोटीघाट पंचायत के लारटी गांव के एक युवक को राजेश शर्मा की हत्या के जुर्म में गिरफ्तार किया है। पुलिस के दावे के अनुसार आरोपी ने कड़ी पूछताछ में गुनाह कबूल कर लिया है। पूछताछ में आरोपी वारदात के पीछे पुरानी रंजिश बता रहा है लेकिन रंजिश जमीन विवाद को लेकर थी या फिर किसी और कारण से, इसके बारे में खुलकर अभी बताया नहीं गया है।
कुमारसैन की कोटीघाट पंचायत के देठू में राजेश शर्मा नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। रविवार को पुलिस ने हत्या के बाद जंगल में फेंके गए युवक के शव को बरामद किया था। मौके पर कोई ठोस सुराग न मिलने के बावजूद पुलिस ने मुस्तैदी से काम करते हुए हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। लगातार गहन जांच में जुटी पुलिस ने सोमवार देर शाम रामपुर से राजेश हत्याकांड के आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी महेंद्र सिंह निवासी लारटी, कोटीघाट, (कुमारसैन) का रहने वाला है। देर शाम गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने युवक से कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। एसडीपीओ सुनील नेगी ने इसकी पुष्टि की है। युवक की मौत सिर पर गहरी चोट लगने से हुई थी। आरोपी ने किस हथियार से उसके सिर पर प्रहार किया, इसके बारे में उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी ने पूछताछ में यह जरूर स्वीकार किया कि पुरानी रंजिश के कारण उसने वारदात को अंजाम दिया। यह रंजिश जमीनी विवाद को लेकर थी या फिर कुछ और बात को लेकर, इसके बारे में वह खुलकर बता नहीं रहा है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। रिमांड मिलने के बाद उसने सारी बातें उगलवा ली जाएंगी।

Related posts