राजेंद्र चौहान को सौंपी किसान सभा की कमान

ठियोग (शिमला)। किसान सभा की शिमला जिला इकाई की कमान प्रो. राजेंद्र चौहान को सौंपी गई है। इसके अलावा देवकी नंद को महासचिव, सोहन सिंह, राकेश वर्मा, पूर्ण ठाकुर को उपाध्यक्ष, राजकमल, मनोहर शर्मा और कुलदीप सिंह को सह सचिव, जय शिव सिंह को कोषाध्यक्ष और सतिंद्र सिंह को प्रेस सचिव चुना गया। ठियोग में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में जिला इकाई की नई कार्यकारिणी गठित की गई।
सम्मेलन की अध्यक्षता किसान सभा के राज्य अध्यक्ष डा. कुलदीप तनवर ने की। उन्होंने सम्मेलन में किसानों को एकजुटता का पाठ पढ़ाया और हर समस्या को मिलकर लड़ने की अपील की। सम्मेलन में प्रदेश फल उत्पादक संघ के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंघा ने कहा कि आज किसानों को अपनी हर सुविधा को संघर्ष करना पड़ता है। किसानों को न तो सब्जी, न ही दुग्ध उत्पादन के अच्छे दाम मिलते हैं।
किसान नेता सुखदेव चौहान, डा. ओंकार शाद ने भी किसानों की समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में चिकित्सक नहीं हैं, तो शिक्षण संस्थानों में शिक्षक। सड़कों की हालत भी बदतर बनी हुई हैं, लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। सम्मेलन में किसान सभा के संदीप वर्मा, बालकृष्ण बाली, सोहन ठाकुर, सुरेश वर्मा, सुनील हेटा समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related posts