
घुमारवीं (बिलासपुर)। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर मंगलवार को घुमारवीं ब्लाक कांग्रेस की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। स्थानीय विधायक एवं मुख्य संसदीय सचिव राजेश धर्माणी समेत कई अन्य गणमान्य लोगों ने रक्तदान करते हुए इस पुण्य कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। काफी संख्या में महिलाएं भी रक्तदान के लिए आगे आईं।
घुमारवीं ब्लाक कांग्रेस के तत्वावधान में मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के स्थानीय विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम में स्व. राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण करके उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। राजेश धर्माणी समेत अन्य वक्ताओं ने देश के प्रति उनकी सेवाआें को याद किया। उन्होंने कहा कि स्व. राजीव गांधी के सपनों के भारत का निर्माण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस मौके पर रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। सीपीसी राजेश धर्माणी, नगर परिषद अध्यक्ष रीता सहगल, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक दिनेश शर्मा, मरहाणा पंचायत प्रधान नीलम शर्मा व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष नंदलाल शर्मा के साथ ही नवीन कुमार, कपिल शर्मा, रवि ठाकुर, अनिल कुमार, भानु कंवर, रमन कुमार, पंकज राज, विजय पाल, आमिर खान, अजय शर्मा, संदीप कुमार, दिनेश, विनोद चंदेल, मनोहर लाल शर्मा, अजय, सुरेश, अनिल व किशोर कुमार आदि ने रक्तदान किया। इस मौके पर डा. हेमंत, सीनियर लैब असिस्टेंट केएन भारद्वाज, रणजीत सिंह व श्यामलाल भी मौजूद थे।
