
हल्द्वानी। आम्रपाली संस्थान में स्पिक मैके कंसर्ट का आयोजन किया गया। समारोह में लंगा मंगनियार जाति के खेते खान समूह के राजस्थानी लोक गीत और कालबेलिया नृत्यांगनाओं के नृत्य की प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में देश विदेश में पहचान बना चुके जैसलमेर और बाड़मेर राजस्थान के लांगा, मंगानियार जाति के प्रसिद्ध लोक गायक समूह ने कार्यक्रम पेश किए। लोक गायक दीना खान, कचरा खान, जाकिर खान और सलीम ने अपनी गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ढोलक आबिद खान, सारंगी पर सदाम खान, करताल पर खेते खान और कमंचे पर घेवर खान ने संगत दी। खातू सपेरा और उनकी बेटी ने भव्य कालबेलिया नृत्य पेश किया। आम्रपाली के छात्रों ने लोक संगीत की बारीकियों को समझा और लोक संगीत सीखने की रुचि दिखाई। समारोह में संस्थान के सचिव नरेंद्र ढींगरा, निदेशक टेक्नालाजी प्रो. यूके चौधरी, निदेशक कंप्यूटर प्रभाग प्रो. एमके पांडेय, निदेशक मैनेजमेंट डा. ऋत्विक दुबे और शिक्षकों, छात्रों ने कार्यक्रम का लुत्फ लिया। संस्थान के मुख्य परिचालन अधिकारी प्रो. शैलेंद्र सिंह ने कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। सीईओ डा. संजय ढींगरा ने कहा कि संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन गौरी बिष्ट ने किया।
