
राजपुर (सिरमौर)। राजपुर गांव में भारी वर्षा के चलते रिहायशी मकान में बने शौचालय तथा बाथरूम मकान के साथ लगते डंगे में भूमि कटाव होने के कारण पूरी तरह से जमींदोज हो गए। क्षेत्र में कई दिन से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इससे पूर्व भारी बरसात के चलते राजपुर निवासी शिव गोपाल के मकान में बना शौचालय तथा बाथरूम वर्षा के चलते क्षतिग्रस्त हो गया। मकान के साथ लगते डंगे में कटाव आने के कारण शिव गोपाल के मकान को खतरा पैदा हो गया है। परिवार के सदस्य मकान में रहने से डर रहे हैं। उनका कहना है कि वर्षा और तेज होती है तो मकान कभी भी गिर सकता है। इस बारे में राजपुर वृत्त के पटवारी गीता राम ने बताया कि डंगा क्षतिग्रस्त होने से मकान को खतरा पैदा हो गया है। नुकसान की लागत 30 हजार के करीब आंकी गई है। जिसकी रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजी गई है।
