
फतेहपुर (कांगड़ा)। भाजपा से निलंबित चल रहे कांगड़ा-चंबा के सांसद डा. राजन सुशांत के अरसे बाद तल्ख देवर दिखे। सुशांत ने यहां तक कह डाला कि न राजन सुशांत डरा है न डरेगा, न झुका है न झुकेगा, चाहे तूफान आए या बिजली गिरे जैसी भी परिस्थितियां रहे। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी को मजबूत करने के लिए उन्हें जेल जाना पड़ा, कुर्बानियां दीं और जब पार्टी मजबूत हुई तो उन्हें पार्टी से बाहर निकालने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें दुख होता है, जब प्रदेश में भाजपा पार्टी बनी थी, तब कुछ लोग जो पैदा भी नहीं हुए थे, वे नौसिखिए आज उन्हें अनुशासन का पाठ पढ़ा रहे हैं।
सांसद सुशांत ने कहा कि उन्होंने कभी भी भाजपा नहीं छोड़ी और न ही वह भाजपा छोड़ना चाहते हैं। कहा कि भाजपा उनकी पार्टी है और जो लोग पार्टी में रहकर पार्टी के खिलाफ काम रहे हैं और इस सोच में हैं कि पार्टी उनकी है वे सचेत हो जाएं। उन्हें स्वार्थ की राजनीति नहीं करने दी जाएगी। विकास खंड फतेहपुर के विश्रामगृह में सोमवार को राजन सुशांत ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की, जिसमें बड़ी संख्या मेें सांसद समर्थकों ने भाग लिया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुशांत ने जहां केंद्र तथा प्रदेश सरकार पर तीखे प्रहार किए तो वहीं अपनों को भी नहीं छोड़ा। सुशांत अब जनता के आशीर्वाद से राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएगा। सांसद सुशांत की हुंकार से फतेहपुर में सियासी चिंगारी एक बार फिर सुलग उठी है। वहीं मौजूद सभी सांसद समर्थकों ने भाजपा हाईकमान से मांग की है कि सुशांत का पार्टी से निलंबन रद कर उन्हें पार्टी में बड़ी जिम्मेवारी सौंपी जाए।
इस मौके पर पंचायत प्रधान सतपाल, बीडीसी टिंकू, उपेंद्र शर्मा, कुलदीप कालिया, प्रेम, सोनू, भूषण, सत्या देवी, उर्मिला सहित कई पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
