राजनीति छोड़ सहयोग करे विपक्षी दल : हेमेश

टनकपुर। दर्जा कैबिनेट मंत्री क्षेत्रीय विधायक ने कहा है कि शारदा से पैदा हुए खतरे से बचाव कार्य में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। प्रशासन को सुरक्षा के हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। तीन दिन से बचाव कार्य की मॉनीटरिंग कर रहे दर्जा मंत्री ने कहा कि शारदा से हो रही क्षति दुर्भाग्यपूर्ण है। दैवीय आपदा मद से बचाव कार्य के लिए तत्काल 25 लाख रुपये अवमुक्त कराए गए हैं। धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री से और धन की मांग की जा रही है। एनएचपीसी से भी सहयोग मांगा गया है। उन्होंने कहा कि हर प्रभावित को उचित क्षतिपूर्ति दिलाने और क्षेत्र में आपदा से निपटने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने विरोधी दलों के लोगों से आपदा के वक्त राजनीति न कर बचाव कार्य में हाथ बंटाकर सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शारदा से एनएचपीसी बिजली पैदा कर कमाई कर रही है, जिस कारण मौजूदा स्थिति से निपटने के लिए बचाव कार्य में आगे आने की एनएचपीसी की जिम्मेदारी बनती है। मगर अब तक एनएचपीसी से कोई सकारात्मक सहयोग नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री को इस बावत पत्र भेजा जा रहा है।

Related posts