राजधानी में पानी की राशनिंग शुरू

शिमला। राजधानी शिमला में पानी की राशनिंग शुरू हो गई है। एक दिन छोड़कर सप्लाई मिलेगी। नगर निगम ने बुधवार को राशनिंग के निर्देश जारी कर दिए हैं। नगर निगम का तर्क है कि गिरि और गुम्मा पंपिंग स्टेशन में बिजली की मरम्मत के चलते दोनों पेयजल स्रोतों से पानी की पंपिंग नहीं हो पा रही है। इस कारण पर्याप्त पानी शहर को नहीं मिल रहा। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही स्थिति सामान्य होने का दावा भी किया जा रहा है। नगर निगम ने जरूरत के हिसाब से ही पानी का इस्तेमाल करने का आग्रह किया है। साथ ही हिदायत दी है कि घर में पानी का भंडारण बनाए रखें। पानी की सप्लाई पर ही निर्भर न रहें।
शहर में प्रति व्यक्ति रोजाना 135 लीटर पानी दिए जाने का नगर निगम दावा करता है। अब एक दिन छोड़कर इतना पानी मिलेगा। इस दौरान पानी की बर्बादी रोकने के लिए भी निगम ने फील्ड में तैनात कर्मचारियों को निगरानी के आदेश दिए हैं। नगर निगम को सभी पेयजल योजनाओं से इन दिनों औसतन 36 एमएलडी पानी मिल रहा है। शहर में रोजाना एक दिन छोड़कर करीब 1.24 लाख लोगों को 35 एमएलडी वितरित किया जाना है। राशनिंग से पहले यही पानी करीब 2.47 लाख से अधिक की आबादी को दिया जाता है।

पांच जोन में बंटा है शहर
पानी की सप्लाई के लिए शहर को पांच जोन में बांटा गया है। इसमें सेंट्रल जोन, लक्कड़ बाजार जोन, संजौली जोन, छोटा शिमला जोन व चौड़ा मैदान जोन में बांटा गया है। इन जोन में पड़ने वाले क्षेत्रों में एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई देनी शुरू हो गई है। सबसे अधिक क्षेत्र लक्कड़ बाजार जोन में आते हैं।

क्या कहता है नगर निगम
नगर निगम आयुक्त अमरजीत सिंह ने कहा कि पंपिंग स्टेशनों में बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण पानी की पंपिंग नहीं हो पा रही है। बुधवार से शाम की सप्लाई प्रभावित होना शुरू हो गई है। बुधवार शाम को जहां पानी नहीं दिया गया है, वहां वीरवार को सप्लाई दी जाएगी।

आज यहां आएगा पानी
बुधवार शाम को इन इलाकों में पानी की सप्लाई नहीं दी गई। वीरवार शाम को चौड़ा मैदान, टुटीकंडी, पांजड़ी, चक्कर, टुटू, समरहिल और छोटा शिमला जोन में सप्लाई दी जाएगी।

आज यहां नहीं आएगा पानी
संजौली, भराड़ी, रुल्दूभट्टा, रिज मैदान, नाभा, फागली, अनाडेल, लोअर बाजार, रामबाजार, मिडल बाजार और छोटा शिमला जोन में पानी की सप्लाई नहीं आएगी।

वितरण में खामी है, तो यहां करें फोन
चौड़ा मैदान कार्यालय : 2813671
संजौली कार्यालय : 2842131
छोटा शिमला कार्यालय : 2623761
सब्जी मंडी कार्यालय : 2652519

Related posts