राजजात आयोजन पर अंतिम निर्णय आज

कर्णप्रयाग। मंगलवार को श्रीनंदा राजजात समिति के अध्यक्ष और महामंत्री ने पिंडरघाटी के पड़ावों से जुड़े लोगों से बातचीत कर राजजात आयोजन पर चर्चा की। समिति ने गैरसैंण के चौखुटिया में भी लोगों की राय ली।
समिति के महामंत्री भुवन नौटियाल ने बताया कि चेपडियूं, नंदकेशरी, फल्दियागांव, मुंदोली और वांण पड़ाव के लोगों से वार्ता की गई। इस मौके पर आपदा से पैदा हुई विषम परिस्थितियों में आयोजन के सफल संचालन पर सदस्यों ने विचार रखे। सदस्यों ने समिति पर उचित निर्णय लेने का जिम्मा छोड़ दिया है। नौटियाल ने बताया कि पिंडरघाटी के समस्त पड़ावों पर लोगों से बातचीत कर राजजात आयोजन के संबंध में उनकी राय जानने के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति में मां श्रीनंदा सिद्धपीठ देवराड़ा मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन हटवाल, थराली के पूर्व प्रमुख सुशील रावत, चेपड्यिूं गांव के थोकदार पृथ्वी सिंह बुटोला और देवाल के प्रमुख डीडी कुनियाल शामिल हैं। समिति बुधवार प्रात: 11 बजे तक अपनी रिपोर्ट राजजात समिति को सौंप देगी। इसके बाद राजजात आयोजन को लेकर पैदा हुए संशय की स्थिति साफ हो जाएगी। इधर, समिति के अध्यक्ष डा. राकेश कुंवर ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखकर सभी पड़ावों पर लोगों की राय ली जा रही है, जिससे समिति एक उचित और जनहित में ठोस निर्णय ले सके।

Related posts