
राजगढ़ (सिरमौर)। लोक निर्माण मंडल राजगढ़ की करीब एक दर्जन से अधिक मार्गों की 50 किलोमीटर सड़क को पक्का करने का कार्य चुनावी आचार संहिता के चलते गर्मियाें के सीजन में हो पाने की संभावना कम हो गई है। भले ही चुनाव आयोग ने सड़कों को पक्का करने के कार्यों के टेंडर लगाने की अनुमति दे दी है लेकिन ठेकेदारों को टेंडर आवंटित आचार संहिता की अंतिम तिथि के बाद ही करने की शर्त लगा दी है। इससे इस गर्मियाें में राजगढ़ क्षेत्र की सड़कें पक्की करने की लोक निर्माण विभाग की योजना पूरी हो पाना कठिन दिखाई दे रहा है।
लोक निर्माण विभाग राजगढ़ ने 10 से 15 किलोमीटर सड़क पर तारकोल बिछाने के लिए 10 टेंडर आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने से पूर्व लगा दिए थे लेकिन वह चुनावी आचार संहिता के चलते आवंटित नहीं हो पाए थे। विभाग ने सोलन-मीनस मार्ग की 31 किलोमीटर सड़क को मरयोग से छिछडिया तक तारकोल बिछाकर पक्का करने का काम लटक गया है। जुलाई माह में बरसात शुरू हो जाती है जिस कारण तारकोल बिछाने का कार्य नहीं हो सकता है।
इस बारे में अधिशासी अभियंता अजय शर्मा ने संपर्क करने पर बताया कि विभाग ने सोलन-मीनस रोड के 31 किलोमीटर तथा लगभग बीस किलोमीटर विभिन्न सड़कों में तारकोल बिछाने के लिए टेंडर लगाए थे जिसमें करीब एक दर्जन कार्यों में तो निविदाएं प्राप्त हो गई थीं लेकिन आधा दर्जन ऐसे कार्य थे जिसमें कोई भी निविदा प्राप्त नहीं हुई थी। अब टारिंग का कार्य लोकसभा चुनाव के बाद होगा।
