
राजगढ़ (सिरमौर)। इस उपमंडल की पझोता एवं रासुमांदर क्षेत्रों तथा दीदग व छोगटाली पंचायतों में रविवार दे रात हुई भारी बारिश तथा ओलावृष्टि के कारण किसानों की मटर, टमाटर तथा आडू की फसलों को नुकसान पहुंचा है। दो पंचायतों में ही अचानक ओलावृष्टि व बारिश हुई जबकि इसके साथ लगती नेहरपाब व भुईरा आदि पंचायतों में हल्की बारिश हुई।
किसान खजान सिंह तथा राजेंद्र कुमार ने बताया कि ओलावृष्टि इतनी अधिक थी कि आडू झड़ गए जबकि मटर की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है। यही नहीं आलू व लहसुन की फसलों पर भी काफी असर हुआ। किसानों का कहना है कि अचानक इतनी अधिक बारिश हुई कि संपर्क मार्गों में सड़कें सीजन से पहले बंद हो गई। ओलावृष्टि के साथ तापमान में भी अचानक कमी आई जिससे सभी प्रकार की लगी हुई फसलों व फलदार पौधों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
किसानों का यह कहना भी है कि कुछ एक इलाकों में पहले ओलावृष्टि हुई थी और कुछ इलाकों में हाल में हुई। यही क्रम लगातार चल रहा है। देर रात को ओलावृष्टि के बाद सोमवार सुबह फिर से धूप खिल गई है, लेकिन क्षेत्र में लाखों की फसलों को नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय किसान मागू राम, जगतराम, विनोद ठाकुर, जीतू ठाकुर आदि ने कहा कि आडू की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है।
