
जवाली (कांगड़ा)। दक्षिण कश्मीर के त्राल (पुलवामा) में शुक्रवार को आतंकियों से लोहा लेते हुए जिला कांगड़ा की तहसील जवाली की पंचायत कैहरियां के मलेला गांव का नौजवान शहीद हो गया। गांव मलेला (कैहरियां) निवासी अजीत सिंह के शहीद होने की सूचना मिलते ही जवाली सहित गांव में मातम छा गया।
6 दिसंबर 1980 को जन्मे अजीत सिंह जुलाई 2002 में 11जैक राइफल में भर्ती हुए थे लेकिन मौजूदा समय में 3 आर श्रीनगर में तैनात थे। शहीद अजीत सिंह के दो भाई तथा एक बहन है। शहीद अजीत सिंह के पिता बाबू राम सूबेदार रिटायर्ड हैं जबकि माता सत्या देवी गृहिणी हैं। शहीद अपने पीछे अपनी पत्नी अनु बाला तथा दो बेटे छोड़ गया है। शुक्रवार रात्रि तथा शनिवार को सारा दिन शहीद के परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। शहीद के माता-पिता, पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है तथा दो बच्चे अपने पिता की राह देख रहे हैं। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात्रि शहीद का शव जवाली में पहुंच जाएगा। तहसीलदार जवाली मनीश कुमार ने बताया कि शहीद का शव सेना की देखरेख में है और सेना अधिकारियों के अनुसार शव को शनिवार को शहीद के घरवालों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। मनीश कुमार ने बताया कि रविवार को करीब 10 बजे शहीद अजीत सिंह का मिनी हरिद्वार जवाली में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
