राजकीय कालेजों को मिलेंगे 277 प्रवक्ता

हल्द्वानी। नये शिक्षा सत्र में प्रदेश की उच्चशिक्षा में कुछ सुधार होगा। लोक सेवा आयोग कोटे से मिलने वाले 277 प्रवक्ताओं को इस साल नियुक्ति मिल जाएगी। सबसे अधिक 33 प्रवक्ता अंग्रेजी के मिलेंगे। इसके अलावा अर्थशास्त्र, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जंतुविज्ञान और गणित में भी 20 से अधिक प्रवक्ताओं को नियुक्ति मिलनी है।
राज्य बनने के बाद भले ही राजकीय महाविद्यालयों की संख्या दोगुनी हो गई हो लेकिन शिक्षा के स्तर में रत्तीभर बदलाव नहीं आया। नये कालेज तो खुले लेकिन शिक्षकों की भारी कमी आज भी बनी है। शिक्षकों की कमी के कारण कई कालेजों में छात्रों की संख्या 200 भी नहीं है। अधिकांश कालेज आज भी संविदा प्रवक्ताओं के भरोसे ही चल रहे हैं। उच्चशिक्षा निदेशालय से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में प्रदेश के विभिन्न कालेजों में 1366 प्रवक्ताओं के पद स्वीकृत हैं। इसमें केवल 570 प्रवक्ता ही नियमित हैं, 471 प्रवक्ता संविदा में रखे गए हैं और 325 पद रिक्त हैं। 277 नये प्रवक्ता मिलने के बाद महज 52 पद रिक्त रह जाएंगे। अब सबसे अधिक 7 पद वनस्पति विज्ञान में रिक्त रह गए हैं।

नियुक्ति के बाद प्रदेश में प्रवक्ताओं की कमी
हिंदी-4, अंग्रेजी-6, भूगोल-3, अर्थशास्त्र-3, राजनीतिशास्त्र-3, समाजशास्त्र-4, इतिहास-3, शारीरिक शिक्षा-1, गृह विज्ञान-2, चित्रकला-1, बेसिक ह्यूमेनोटिज-1, बेसिक साइंस-1, भौतिक विज्ञान-2, रसायन विज्ञान-2, जंतु विज्ञान- 2, वनस्पति विज्ञान-7, गणित-4, वाणिज्य में तीन प्रवक्ताओं की कमी रह जाएगी।

Related posts