
रोहडू। राखी सन्नी फुटबाल प्रतियोगिता मंगलवार से शुरू हो गई। इस दिन रात आठ बजे प्रतियोगिता का शुभारंभ रोहडू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने किया। प्रतियोगिता का आयोजन आरएस क्लब रोहडू के तत्वावधान में किया जा रहा है। शुभारंभ अवसर पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने मार्चपास्ट की सलामी दी। शुभारंभ पर उद्घाटन मैच आरबी कंपनी चंडीगढ़ तथा वैटरन क्लब रोहडू के बीच खेला गया। इसमें वैटरन ने आरबी कंपनी को 1-0 से पराजित किया। बीते चार साल की विजेता आरबी कंपनी फुटबाल लीग मैच का अपना पहला मैच हार गई है। प्रतियोगिता के सीनियर, जूनियर तथा सब जूनियर वर्ग में सौ से अधिक टीमें भाग ले रही हैं। सभी टीमों को पूलों में विभाजित किया गया है। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने आरएस क्लब को हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया। आरएस क्लब के प्रेस सचिव रौनी चौहान ने बताया कि फुटबाल प्रतियोगिता रोजना शाम छह बजे से शुरू होगी। प्रतियोगिता देर रात तक फ्लड लाइट की रोशनी में खेली जाएगी। रोजाना 18 से 20 मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एक जुलाई को होगा। समापन समारोह में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होकर विजेता तथा उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे। इस अवसर पर हिमुडा के निदेशक यशवंत छाजटा, नगर परिषद रोहडू के अध्यक्ष राजकुमार नीटू, उपाध्यक्ष सुखदेव चौहान, ब्लॉक कांग्रेस महासचिव दिनेश चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगत सिंह ठाकुर, संगठन मंत्री सोहन लाल चौहान, पार्षद ऊषा शर्मा, पार्षद जोगिंद्र चौहान, सुजय अग्रवाल, युकां अध्यक्ष विजय चौहान, उपाध्यक्ष राकेश नेगी, महासचिव सुशील चौहान, रवि रावत, रंजीत घेदटा सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
