रहस्य बनी जमा दो के छात्र की मौत

धर्मशाला। धर्मशाला कॉलेज के पास खाई में जमा दो के छात्र की लाश मिलने के बाद बुधवार को भी मौत की गुत्थी पर से परदा नहीं उठ पाया। फिलहाल, पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। अब पुलिस फोरेंसिक लैब से रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा। सूत्रों के अनुसार अब पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ करनी शुरू कर दी है।
धर्मशाला कॉलेज के पास प्रतिबंधित पाइंस के जंगल की खाई में छात्र की रहस्यमयी मौत हुई थी। धर्मशाला पुलिस ने आईपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पूरी तस्वीर जांच के बाद ही साफ होगी। बुधवार करीब पांच बजे धर्मशाला कालेज के पास खाई में चरान खड्ड में एक छात्र का शव पड़ा होने की सूचना 108 नंबर एंबुलेंस को एक महिला ने दी थी। एंबुलेंस से छात्र के शव को धर्मशाला अस्पताल पहुंचाया गया।
एएसपी डाक्टर शिव कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि कुछेक लोगों से पूछताछ की जा सकती है।

इनसेट
जंगल से दो बार वापस आया था छात्र
छात्र के खड्ड में शव मिलने की खबर के बाद दिनभर चर्चाओं का बाजार गरमाया रहा। सूत्रों के अुनसार यह भी अटकलें रही कि कॉलेज के पास चीड़ का जंगल है यहां पर छात्र दो बार गया था और दो बार वापस आया था। यहां स्थित हास्टल में कुछेक लोगों ने छात्र को देखा था।

Related posts