रहस्यमय हालात में प्रधानाध्यापक की मौत

खटीमा। राजकीय प्राथमिक विद्यालय नानकमत्ता में तैनात प्रधानाध्यापक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव उलधन मार्ग पर सड़क किनारे धान के खेत में पड़ा मिला। क्षतिग्रस्त स्कूटी भी वहीं से बरामद हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले को मोड़ पर अनियंत्रित होकर पानी भरे खेत में गिरकर मौत होना मान रही है।
कोतवाली पुलिस को शनिवार सुबह उलधन के पास एक व्यक्ति शव और स्कूटी पड़े होने की सूचना पूर्व प्रधान सदा सिंह राणा ने दी। मौके पर पहुंचे सीओ जेएस पांगती, कोतवाल अजय ध्यानी ने मौका मुआयना किया। इस दौरान शव की शिनाख्त टीएचडीसी बंगाली कालोनी निकट विधानसभा भवन देहरादून निवासी राकेश चंद्र भट्ट (45) के रूप में हुई। जो वर्तमान में नानकमत्ता क्षेत्र के ड्यूड़ी प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद पर तैनात है। उसकी पत्नी अल्मोड़ा के सल्ट प्राथमिक विद्यालय में तैनात है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक परिजन नहीं पहुंचे हैं। कोतवाल ने बताया कि मृतक के शरीर कोई चोट के निशान नहीं हैं। उन्होंने बताया कि मृतक नशे का आदि था। संभवत: नशे में वह मोड़ पर अनियंत्रित होकर खेत में गिरा हो और खेत में पानी होने के कारण नहीं उठ सका और उसकी मौत हो गई हो। पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Related posts