रहने का पुख्ता इंतजाम करो वरना करेंगे आंदोलन

शिमला। कृष्णानगर में जमीन धंसने और मकान गिरने से बेघर हुए लोगों ने जिला प्रशासन को दो दिन के भीतर उनके रहने का इंतजाम करने का अल्टीमेटम दिया है। लोगों ने कहा कि अगर सोमवार तक व्यवस्था नहीं हुई तो सभी चक्का जाम और प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा निगम प्रशासन से दो दिन के भीतर वार्ड की नालियों, सीढ़ियों और सड़क को दुरुस्त करने की मांग की गई है। शुक्रवार को उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा और आयुक्त अमरजीत सिंह ने मिले वार्ड के सैकड़ों लोगों ने यह आपबीती सुनाई।
वार्ड पार्षद रजनी सिंह, वाल्मीकि सभा के प्रधान निर्मल कुमार, महासचिव राजपाल, सुखदेव सिंह मट्टू, बिट्टू पाना, नरेश गांधी, मनोहर लाल अटवाल, सुशील कुमार, उत्तपल कुमार, विजय कुमार, राहुल सल्होत्रा, अमित भाटिया, विक्रम सभ्रवाल, बाबा साहिब अंबेदकर सोसायटी (पंजीकृत) के प्रीतपाल सिंह, कपिल दत्त और पूर्व पार्षद कौशल्या चन्ना सहित कई अन्य लोगों ने उपायुक्त और आयुक्त से मुलाकात की। सभी ने जिला प्रशासन से कहा कि अंबेदकर भवन, बिंदुराज धर्मशाला और वाल्मीकि मंदिर में प्रभावित परिवारों के रहने के लिए किए गए बंदोबस्त नाकाफी हैं। सैकड़ों लोग मकान खाली कर सड़क पर आ गए हैं। पड़ोसियों और रिश्तेदारों के पास लोगों ने पनाह ली है। जिला प्रशासन ने अगर दो दिन के भीतर सभी प्रभावितों के रहनेे का पुख्ता इंतजाम नहीं किया तो सोमवार से कृष्णानगर वार्ड के सभी लोग सड़क पर प्रदर्शन करेंगे।

आज से शुरू होगा मरम्मत का काम
नगर निगम आयुक्त अमरजीत सिंह ने वार्ड के लोगों को आश्वस्त किया कि शनिवार से वार्ड में नालों की सफाई का काम शुरू कर दिया जाएगा। स्वास्थ्य शाखा को इसके लिए आदेश दे दिए गए हैं। इसके अलावा वार्ड की क्षतिग्रस्त नालियों, सड़कों और सीढ़ियों की मरम्मत का काम भी शनिवार से शुरू कर दिया जाएगा।

सभी प्रभावितों के रहने का कर रहे इंतजाम : डीसी
उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा ने कहा कि प्रभावितों को बसाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रभावित लोगों की लिस्टें बनाई गई हैं। इसके अनुसार लोगों के रहने का इंतजाम चल रहा है। अगर फिर किसी को रहने का स्थान नहीं मिला है तो वे प्रशासन को इससे अवगत करवाएं। सभी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।

Related posts