
सरकाघाट (मंडी)। घरेलू गैस सिलेंडर के मूल्य में की गई गुपचुप वृद्धि की भाजपा ने निंदा की है। भाजपा ने इसे जन विरोधी बताया है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष रजत ठाकुर, धर्मपुर भजपा मंडल प्रधान राजेंद्र मंढोत्रा, महासचिव देशराज पालसरा, भाजयुमो जिला सचिव विजय विशाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की गलत आर्थिक नीतियों से प्रदेश और देश कंगाली की मार झेल रहा है। गैस सब्सिडी पर लिए गए निर्णय से लोगों को गैस एजेंसी और बैंकों के कई चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि अगस्त माह में सिलेंडर के 967 रुपये उपभोक्ताआें से वसूले गए। जबकि, सितंबर माह में 1030 रुपये वसूले जा रहे हैं। आरोप लगाया कि सरकार ने बिना घोषणा किए गुपचुप तरीके से घरेलू गैस के दाम में 63 रुपये की वृद्धि कर दी। एनडीए के शासन में रसोई गैस के एक सिलेंडर की कीमत 242 रुपये थी, मगर यूपीए सरकार ने एक सिलेंडर पर 788 रुपये की वृद्घि करके आम आदमी की कमर तोड़ दी है। भाजयुमो नेताओं ने प्रदेश सरकार को चेताते हुए कहा कि घरेलू गैस के बढ़ाए गए मूल्यों के निर्णय को तत्काल वापस लें अन्यथा भाजपा सड़क पर उतर कर इसका कड़ा विरोध करेगी
