
सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट उपमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस की समय पर आपूर्ति न होने पर एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इस संदर्भ में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक पंकज शर्मा और गैस एजेंसी के प्रभारी राजमल स्योही से जानकारी हासिल की है। इसके बाद विभाग और एजेंसी को रसोई गैस एवं अन्य खाद्य वस्तुओं की समय पर आपूर्ति करने के आदेश दिए हैं। निर्णय लिया कि आगामी 13 सितंबर को खंड विकास अधिकारी गोपालपुर के कार्यालय के पास बचत भवन में धर्मपुुुुर एवं गोपालपुर खंडों के विकास अधिकारी खाद्य एवं आपूर्ति निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल गुप्ता, जिला नागरिक खाद्य आपूर्ति अधिकारी, गोपालपुर विकास खंड की 41 पंचायतों के प्रधानों के साथ बैठक करके सर्वसम्मति से गैस रूट चार्ट, नियमित रूप से खाद्यान्न की सहकारी सभाओं में आपूर्ति, आधार कार्ड बनाने से वंचित लोगों को कार्ड बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में बसों में हो रही ओवर लोडिंग पर निर्णय लिए जाएंगे। एसडीएम ने बताया कि उपमंडल से आए अनेक प्रतिनिधिमंडलों से मिल कर यह पाया गया है कि गैस आपूर्ति के लिए निर्धारित रूट से लोगों को गैस की आपूर्ति समय पर नहीं हो रही है। जिसके शीघ्र उपाय किए जाएंगे।
