
उत्तरकाशी। सरकार ने भले ही भटवाड़ी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए एक हजार रसोई गैस सिलेंडर मुहैया कराने की घोषणा की हो लेकिन गंगोत्री हाईवे अवरुद्ध होने से जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में ही रसोई गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। गैस के इंतजार में लोग रोजाना कतार लगाने के बाद खाली सिलेंडर घर लौटने को मजबूर हैं।
तय रोस्टर के मुताबिक चार रोज पहले विकास भवन लदाड़ी क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति होनी थी। इसी उम्मीद के साथ उपभोक्ता सुबह से ही खाली गैस सिलेंडरों के साथ कतार लगाकर खड़े हो गए। गंगोत्री हाईवे बंद होने के कारण नीचे से ही गैस के ट्रक नहीं पहुंचे और उपभोक्ताओं को बैरंग लौटना पड़ा। यह सिलसिला रोजाना जारी है। तपती धूप में लोग रसोई गैस के इंतजार में पूरे दिन लाइन लगाकर खड़े रहते हैं तथा शाम को लौट जाते हैं। सुरेंद्र दत्त, विक्रम सिंह, सुनीता देवी आदि उपभोक्ताओं ने बताया कि रसोई गैस न मिलने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र रसोई गैस आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है।
