रसोई गैस के लिए संघर्ष की चेतावनी

बलद्वाड़ा (मंडी)। तहसील बलद्वाड़ा में रसोई गैस की आपूर्ति न होने से लोग परेशानी झेल रहे हैं। एक तरफ लोगाे को दो माह से गैस की सप्लाई नहीं मिल पाई है। वहीं, दूसरी ओर कारण सुनने को मिल रहा है कि सब्सिडी वाले सिलेंडर कम आ रहे हैं। विभाग समैला बाजार में दो माह से घरेलू गैस की सप्लाई नहीं कर सका है। इससे उपभोक्ताओं में रोष है।
गुस्साए लोगों ने गैस की तत्काल आपूर्ति करने की मांग की है। कापियां ऑनलाइन होने के बावजूद यहां उपभोक्ताआे को गैस किल्लत की समस्या से जूझना पड़ रहा है। समैला निवासी सोहन लाल, मदन लाल, ओम प्रकाश, काली दास का कहना है कि दो माह से गैस की सप्लाई नहीं आई है। लोगों ने विभाग पर आरोप लगाया कि गैस की सप्लाई अन्य जगहों पर की जा रही है, लेकिन उन्हें जानबूझ कर सप्लाई नहीं की जा रही है। उक्त उपभोक्ताओं का कहना है कि उनकी कापियां भी ऑनलाइन हैं।
लोगाें का कहना है कि पहले उन्हें कहा गया कि कापियां ऑनलाइन करवाने के बाद ही गैस की सप्लाई मिलेगी। अब कापियां ऑनलाइन करवाने के बावजूद सप्लाई नहीं दी जा रही है। लोगों ने शीघ्र रसोई गैस मुहैया करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेताया है कि जल्दी गैस आपूर्ति नहीं की गई तो वे संघर्ष पर उतर जाएंगे। इधर, इस बारे बलद्वाड़ा गैस एजेंसी प्रभारी जीवना ठाकुर का कहना है कि सब्सिडी वाले सिलेंडर कम आ रहे हैं। प्रभावित लोगों को शीघ्र गैस उपलब्ध करवा दी जाएगी।

Related posts