रसोई गैस के लिए आपस में भिडे़ उपभोक्ता

त्यूड़ (टिहरी)। डेढ़ माह बाद शनिवार को जैसे ही ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड़ पर रसोई गैस सिलेंडर लेकर ट्रक पहुंचा तो सिलेंडरों के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पहले सिलेंडर पाने के लिए उपभोक्ता आपस में ही उलझ पडे़। लोगों ने उन्हें बामुश्किल शांत किया। ब्लाक मुख्यालय पर गैस एजेंसी खोलने की मांग व्यापारियों ने की है। आपदा के बाद से क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति बाधित थी। शनिवार को करीब डेढ़ माह बाद रसोई गैस सिलेंडर लेकर ट्रक पहुंचा तो भारी भीड़ लग गई। हर कोई इस बात को लेकर चिंतित था कि कहीं उसे मिलने से पहले ही सिलेंडर खत्म न हो जाए। लाइन में खडे़ लोग एक दूसरे से धक्का-मुक्की करते रहे। ऐसे में महिलाओं को खासी दिक्कत हुई। कुछ उपभोक्ताओं ने सिलेंडर कम होने का भी आरोप लगाया।
व्यापार मंडल की ओर से इंडियन ऑयल के महाप्रबंधक और विधायक को ज्ञापन भेजकर थत्यूड़ ब्लॉक मुख्यालय पर गैस एजेंसी खोलने और तब तक गांव में प्रति माह दो बार गैस भिजवाने की मांग की गई। ज्ञापन भेजने वालों में व्यापार मंडल के महामंत्री अखवीर सिंह पंवार, जगत पडियार, दीपक सजवाण, सजन सिंह, जयवीर सिंह और नरेंद्र रावत आदि शामिल हैं।

Related posts