
शिमला। नगर निगम प्रशासन ने रसूखदारों के आगे घुटने टेक दिए हैं। टंकी ओवर फ्लो होने पर पानी के कनेक्शन काटने की मुहिम से निगम प्रशासन ने हाथ खींच लिए हैं। वीरवार को टंकियां जांचने के लिए गठित की गई टीम ने एक भी कनेक्शन नहीं काटा। सर्व मंगल योजना के नगर निगम द्वारा अपनी एक और योजना को बंद करने के पीछे रसूखदारों का दबाव बताया जा रहा है। हालांकि निगम प्रशासन दबाव की बात को झुठलाते हुए कनेक्शन को काटने के नियमों को नए सिरों से जांचने की बात कह रहा है।
शहर में पानी का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ बीते दिनों नगर निगम ने जल शाखा के कर्मियों की एक कमेटी गठित की थी। इस टीम ने बीते एक सप्ताह में करीब तीस स्थानों पर दबिश देकर पानी की टंकियों को ओवर फ्लो होते हुए देखा। मौके पर गई टीम ने पानी का दुरुपयोग करने के आरोप में तत्काल पानी के कनेक्शन काटे। यह कनेक्शन अस्थाई तौर पर काटे गए हैं। दो हजार रुपये का जुर्माना चुका कर इन कनेक्शनों को जोड़ा जाएगा। कई प्रभावशाली लोग भी इस कार्रवाई के दायरे में आए हैं। जिन्होंने नगर निगम प्रशासन पर दबाव बनाकर इस मुहिम को बंद करने की कवायद शुरू की। जिसके परिणामस्वरूप वीरवार को नगर निगम की जांच टीम फील्ड में नहीं भेजी गई। उधर, नगर निगम आयुक्त अमरजीत सिंह का कहना है टंकी ओवर फ्लो पर पानी के कनेक्शन काटने के नियमों को जांचा जा रहा है ताकि कल को इस कार्रवाई को लेकर निगम पर सवाल न उठ सके।
