रसद छुड़वाने शपथ पत्र मांग रहा रेलवे

हरिद्वार। प्रदेश में आपदा आए 28 दिन हो चुके हैं। लेकिन, बाहरी राज्यों से आई राहत सामग्री अब तक रेलवे स्टेशन पर पड़ी हुई है। सामान छुड़वाने के लिए रेलवे अब बिल्टी न होने पर शपथ पत्र मांग रहा है। जबकि प्रशासन इसे देने को तैयार नहीं है। जिसके चलते स्टेशन पर रसद के बंडलों की बेकदरी हो रही है।
रेलवे स्टेशन के अंदर और बाहर 180 नग राहत सामग्री के पड़े हुए हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है भेजने वाली फर्म ने कुछ सामग्री में पाने वाले का नाम जिलाधिकारी हरिद्वार लिखा हुआ है। जबकि, कुछ पार्सल पर मात्र व्यक्तियों के नाम लिखे हुए हैं। पूरा नाम-पता और मोबाइल नंबर न होने से सामग्री पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। जिन पार्सलों पर जिलाधिकारी का नाम लिखा हुआ है। उनकी बिल्टी प्रशासन के पास नहीं हैं। रेलवे अधिकारियों को कहना है बिना बिल्टी के रेलवे सामग्री नहीं दे सकता। अलग-अलग नामों से भेजी गई सामग्री पर दावा करने वाला भी कोई नहीं आ रहा है। स्टेशन पर पड़े करीब 180 में से 80 नग अहमदाबाद से आए हैं। शेष 100 नग विभिन्न स्टेशनों के मार्फत भेजे हुए हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना इस सामग्री को कैसे ठिकाने तक पहुंचाए जाए इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है।
कोट-1
जिस सामान की बिल्टी (बुकिंग कापी) नहीं है उसके लिए जिला प्रशासन यदि 10 रुपये के स्टांप पेपर पर लिखकर लाए तो राहत सामग्री जिला प्रशासन के सुपुर्द कर देगा। बिना शपथ पत्र के रसद नहीं दी जा सकती।
-एसपी पांडेय, प्रभारी स्टेशन अधीक्षक हरिद्वार रेलवे स्टेशन
कोट-2
– जिस सामान की बिल्टी आई है उसे रेलवे स्टेशन से उठा लिया गया है। बाकी सामग्री स्टेशन पर पड़ी हुई है। बिना बिल्टी रेलवे सामान नहीं दे रहा है। हम सामान की रिसीविंग रसीद देने के लिए तैयार हैं। शपथ पत्र देने की बात समझ नहीं आ रही है। रेलवे अधिकारियों के साथ बातचीत चल रही है। जल्द कोई समाधान निकल आएगा।
– डा. नरेश चौधरी, नोडल अधिकारी, आपदा प्रबंधन।

Related posts