रपेड़ गांव से रहस्यमय ढंग से महिला गायब

रिवालसर (मंडी)। अप्पर बल्ह घाटी के रपेड़ गांव की एक महिला शनिवार शाम को रहस्यमय ढंग से गायब हो गई। गांव के पास ही खेतों में महिला की दराती, शॉल, मोबाइल फोन मिले हैं, लेकिन अभी तक महिला का कोई पता नहीं लग पाया है। रिवालसर पुलिस चौकी ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक गत शनिवार शाम को सीमा देवी (35) पत्नी हेत राम खेतों में घास काटने गई थी। देर शाम तक जब सीमा घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन और गांव के लोग भी महिला को ढूंढने के लिए खेतों की ओर गए। इसी दौरान मक्की के खेतों में दराती, शॉल, और मोबाइल फोन बिखरे मिले। इसकी सूचना परिजनों ने रिवालसर चौकी पुलिस को दी। चौकी प्रभारी सुशील गुलेरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने खेतों से बिखरा सामान अपने कब्जे में लिया है।
लापता महिला की 11 साल की लड़की और आठ साल का बेटा है। जब सीमा देवी घास लाने के लिए गई थी, उस समय बच्चे घर पर ही थे। महिला की सास बीमार होने से जोनल अस्पताल मंडी में दाखिल है। सीमा का पत्नी हेत राम भी अपनी मां की देखभाल के लिए मंडी में था। रविवार सुबह बल्ह थाना प्रभारी मदन धीमान ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। महिला की तलाश में पुलिस ने कई जगह दबिश दी। बल्ह थाना प्रभारी मदन धीमान ने बताया कि महिला के लापता होने का पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस महिला की तलाश कर रही है।

Related posts