रईस होटल के प्रभावितों का अस्थाई विस्थापन जरूरी

नैनीताल। रईस होटल और हरिनगर क्षेत्र के प्रभावितों के विस्थापन के लिए जिला प्रशासन ने कोशिश शुरू कर दी है। शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में डीएम अरविंद सिंह ह्यांकी ने क्षेत्र में तात्कालिक सुरक्षा उपाय कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रभावित जरूरतमंद परिवारों को बरसात के मौसम में बतौर किराए के रूप में जिला प्रशासन प्रति परिवार दो हजार रुपये की मदद करेगा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जीआईसी खेल मैदान के नीचे तात्कालिक सुरक्षा इंतजाम कराएं। बलियानाला की तलहटी से किए जाने वाले सुरक्षा इंतजाम के लिए पुनरीक्षित आगणन त्वरित भेजें। श्री ह्यांकी ने कहा कि क्षेत्र के प्रभावित परिवारों के लिए जेएनएनयूआरएम योजना के तहत दुर्गापुर में मकान बनाए जा रहे हैं। लेकिन कार्यदायी संस्था अधिकारियों के मुताबिक मार्च 2014 में उन्हें आवास दिए जा सकेंगे। साथ ही अधिकारियों को खुटानी नाले से सड़क और मकान में घुस रहे पानी को रोकने के भी निर्देश दिए। बैठक में एडीएम प्रकाश चंद्र, एसडीएम चंद्र सिंह मर्तोलिया, ईई सिंचाई हेम जोशी, एई पंकज ढौढियाल आदि थे।

Related posts