रंगोली स्पर्धा में रोहित ग्रुप जीता

मंडी।(ओमप्रकाश)अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले में अभिलाषी ग्रुप के सौजन्य से आयोजित रंगोली स्पर्धा का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रोहित ग्रुप ने पहला स्थान झटका। स्पर्धा में रंगीला ग्रुप ने दूसरा और रेनबो ग्रुप ने तीसरा स्थान पाया। मुख्यातिथि चीफ कंजरवेटर फारेस्ट अर्चना सिंह ने विजेताओं को सम्मानित किया। पहले स्थान पर रहने वाले रोहित ग्रुप को ट्रॉफी के साथ पांच हजार का नगद पुरस्कार दिया गया। दूसरे स्थान पर रहने वाले रंगीला ग्रुप को ट्राफी के साथ 35 सौ रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले रेनबो ग्रुप को ट्रॉफी के साथ 15 सौ रुपये से पुरस्कृत किया। स्पर्धा में 48 ग्रुपों ने भाग लिया। फाइनल में छह ग्रुपों के बीच में मुकाबला हुआ। संतोष ग्रुप, डीएवी डडौर और फ्रेंड्स ग्रुप को सांत्वना पुरस्कार मिले। इससे पहले रंगोली स्पर्धा के प्रायोजक अभिलाषी ग्रुप की टीम अंकिता चौधरी, अनुपमा वैद्य, उर्मिल कौंडल, रेणूवाला और अपर्णा कपूर ने मुख्यातिथि सहित निणार्यक मंजू भारद्वाज, मीना शर्मा और संजय पठानिया तथा रंगोली प्रतियोगिता कमेटी में अनिल प्रकाश गुलेरिया, पवन शर्मा, अनिल पठानिया और लतेश को सम्मानित किया।

Related posts