रंगड़ों के काटने से तीन महिलाएं बेहोश

उरला (मंडी)। कुफरी पंचायत के पड़गवाली गांव में रंगड़ों के काटने से तीन महिलाएं बेहोश हो गईं। सामुदायिक अस्पताल पधर में इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है। घटना मंगलवार देर शाम को हुई।
जानकारी के अनुसार कुफरी पंचायत के पड़गवाली गांव की तीन महिलाएं साभी देवी, नागण देवी और संती देवी समीप के गांव में शादी समारोह के लिए जा रही थीं। रास्ते में अचानक रंगड़ों ने उन पर हमला बोल दिया। इस दौरान महिलाएं अपने आप को बचाने के लिए खड्ड के पानी में जा छुपीं, लेकिन रंगड़ों ने पानी में भी उन पर हमला जारी रखा। इनमें से एक महिला छाते के अंदर छुप कर बैठ गई। उसने मोबाइल के माध्यम से रिश्तेदारों को फोन कर घटना के बारे में सूचित किया। ऐसे में लंबा समय बीत जाने के बाद ग्रामीणों ने वहां पहुंच कर उन्हें बेहोश हालत में निकाला और 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पधर पहुंचाया, जहां उक्त महिलाओं को उपचार के लिए भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक बुधवार को महिलाओं की हालत में सुधार के बाद घर भेज दिया गया है।

Related posts