
पौड़ी। स्वास्थ्य, सिंचाई और वन विभाग समेत विभिन्न विभागों की मंडलीय समीक्षा बैठक में आयुक्त डीएस गर्ब्याल ने अधिकारियों को जिला, राज्य, केंद्र पोषित और बाह्य सहायतित योजनाओं में अवमुक्त धनराशि शीघ्र खर्च करने के निर्देश दिए।
आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में बताया गया कि आपदा के कारण मंडल में 2745 गांवों में बिजली की आपूर्ति बाधित हुई थी, जिनमें से अब सिर्फ 15 गांवों की बिजली आपूर्ति होनी बाकी है। इनमें 12 गांव चमोली के, दो उत्तरकाशी के और एक गांव पौड़ी जिले का है। आयुक्त ने ऊर्जा निगम को मंडल की क्षतिग्रस्त लाइनों को शीघ्र सुचारु करने, वन अधिनियम से प्रभावित लाइनों को ठीक करने के लिए वन विभाग को प्रस्ताव भेजने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में बताया गया कि सिंचाई विभाग की ओर से जिला योजना के लिए अवमुक्त राशि में 92 लाख खर्च नहीं हुई है। स्वास्थ्य समेत कई विभागों का पैसा अवशेष पड़ा है। ग्राम्य विकास विभाग में विधायक और सांसद निधि योजनाओें की राशि अवशेष है। आयुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अवशेष राशि को शीघ्र खर्च करने और अपनी कार्यशैली सुधारने के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा एनएस राणा, मंडलीय निदेशक स्वास्थ्य डा. एसपी उनियाल, वन संरक्षक गढ़वाल वृत्त बीपी गुप्ता आदि अधिकारी मौजूद थे।
