
अल्मोड़ा। विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया है। श्री कुंजवाल लमगड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। पात्र लोगों को जानकारी नहीं होने से योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पाता है। उन्होंने मनरेगा, खाद्य सुरक्षा जैसी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जन तक पहुंचाने की अपील की। कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि संगठित होकर पंचायत, लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटें और पार्टी संगठन को मजबूत बनाएं। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आ रही गिरावट पर चिंता जताते हुए कहा कि इसमें तत्काल सुधार की जरुरत है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शीघ्र ही क्षेत्र में महाविद्यालय, आईटीआई और उप तहसील खोलने का शासनादेश जारी हो जाएगा। उन्होंने बताया कि मेलधूरा-सत्यों सड़क निर्माण के लिए 1.36 करोड़ स्वीकृत हो चुके हैं। टकोली बैंड-नौरा बघाड़ को स्वीकृति दिलाई जाएगी। कार्यकर्ताओं ने आपदा पीड़ितों का समय पर पुनर्वास नहीं होने आदि समस्याएं उठाई। श्री कुंजवाल ने समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण का आश्वासन दिया। सम्मेलन में ब्लाक प्रमुख महेंद्र मेर, ज्येष्ठ उप प्रमुख कुंवर सिंह, जिला पंचायत सदस्य राजेश अधिकारी, अमर राम, हेम पांडे, रमेश मेलकानी, पान सिंह फर्त्याल, विशन रावत, लाल सिंह, करम सिंह, हेमा रावत, गोविंद रौतेला, गोपाल चौहान, राम सिंह, रेखा बजेठा, हरीश बहुगुणा, दीवान राम, राधा बल्लभ, सुंदर बोरा, खीम नगरकोटी, पुष्टि बल्लभ, मनोज पांडे आदि ने विचार रखे। अध्यक्षता बची सिंह बगड़वाल और संचालन दीपक मलारा ने किया। सम्मेलन के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने गौजानी में भागवत कथा में भाग लिया।
