योगी मंत्रिमंडल का पहला विस्तार कल, आधा दर्जन नए चेहरे होंगे शामिल, राजभवन में होगा शपथ ग्रहण

लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल आनंदीबेन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल आनंदीबेन
योगी मंत्रिमंडल का पहला विस्तार कल सुबह 11 बजे राजभवन में होगा। इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके पहले मुख्यमंत्री योगी के भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के साथ शुक्रवार को अचानक दिल्ली जाने और वहां से लौटकर मुख्यमंत्री के शनिवार की शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात के बाद अटकलें और तेज हो गई थीं।

सूत्रों के अनुसार, आधा दर्जन नए चेहरों का मंत्रिमंडल में शामिल होना तय माना जा रहा है और करीब इतने ही मंत्री प्रमोट होंगे।

शनिवार को मुख्यमंत्री योगी उपचुनाव को लेकर भाजपा मुख्यालय पर बुलाई गई बैठक के बाद शाम को राज्यपाल से मिलने पहुंचे। दोनों लोगों के बीच एकांत में बातचीत हुई। इसी के बाद अटकलें तेजी पकड़ गईं लेकिन राजभवन के सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री की ओर से अभी कोई इशारा नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री के कुछ भरोसेमंद अधिकारियों की भी मानें तो अभी उनसे भी ऐसा कुछ नहीं कहा गया है।

अलबत्ता मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के चलते विधायकों ने दौड़भाग तेज कर दी है। हर विधायक संघ से लेकर भाजपा तक में अपने संपर्क सूत्रों के जरिये मंत्रिमंडल में जगह पाने की कोशिश में जुट गया है।

सात-आठ मंत्रियों के प्रदर्शन से मुख्यमंत्री खुद खुश नहीं

सूत्रों का कहना है कि मंत्रिमंडल विस्तार कब तक होगा अभी इस बारे में उनके पास पुख्ता जानकारी नहीं है। बावजूद इसके यह तय है कि आने वाले दिनों में मंत्रिमंडल फेरबदल जरूरी हो गया है। एक तो सात-आठ मंत्रियों के प्रदर्शन से मुख्यमंत्री खुद खुश नहीं हैं तो इनमें कुछ के काम को लेकर भाजपा नेतृत्व के पास भी शिकायतें पहुंची हैं।

इस नाते यह तय है कि इनकी छुट्टी की जा सकती है। साथ ही विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनजर क्षेत्रीय और जातीय संतुलन ठीक करने के लिए भी मंत्रिमंडल विस्तार जरूरी हो गया है।

Related posts