येलो लाइन पर अब पूर्व पार्षद लाल-पीले

शिमला। राजधानी में सड़क किनारे येलो लाइन लगाकर वाहनों से शुल्क वसूली के फैसले पर पूर्व पार्षद भी लाल-पीले हो गए हैं। पूर्व पार्षद प्रदीप कश्यप, संजीव ठाकुर, संजय सूद और जसविंद्र सिंह ने कहा है कि नगर निगम शहर की जनता को पार्किंग सुविधाएं नहीं दे पा रहा है। सड़क किनारे शुल्क वसूली का फैसला लेकर शहर की जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने की तैयारी की है। पूर्व भाजपा पार्षदों ने कहा कि अगर यह फैसला वापस नहीं लिया गया तो शहरवासियों को लामबंद कर इसका विरोध किया जाएगा। पूर्व पार्षदों ने कहा कि नगर निगम पार्किंग बनाने की ओर अपना ध्यान केंद्रित करे न कि शुल्क वसूली पर।
भाजपा के पूर्व पार्षदों ने मेयर संजय चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए शुल्क वसूली के फैसले की निंदा की है। पूर्व पार्षदों ने कहा कि शहर में वाहनों को खड़े करने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं है। ऐसे में मजबूरन लोग सड़क किनारे वाहन खड़े कर रहे हैं। अब नगर निगम सड़क किनारे भी येलो लाइन लगाकर शुल्क लेगा तो स्थानीय लोग अपने वाहनों को लेकर कहां जाएंगे। पूर्व पार्षदों का कहना है कि जनहित में इस प्रस्ताव का पहले भी निगम सदन में विरोध किया गया था। इसी के चलते शहर में सड़क किनारे बिना किसी शुल्क के लोगों को वाहन खड़े करने की सुविधा प्राप्त हुई है। अगर वर्तमान नगर निगम ने इस फैसले को वापस नहीं लिया तो सड़क पर उतर कर इसका विरोध किया जाएगा।

Related posts