
धर्मशाला। प्रदेश की दूसरी राजधानी के नाम से विख्यात धर्मशाला शहर के कोतवाली बाजार में जाम की समस्या विकराल होती जा रही है। जाम लगने का सबसे बड़ा कारण फव्वारा चौक पर वाहनों का यू टर्न भी है। फव्वारा चौक पर जब कोई वाहन खनियारा रोड से आकर मैकलोडगंज जाने के लिए यू टर्न लेता है तभी चौक पर जाम लग जाता है। स्थिति विकराल तब हो जाती है जब कोई वाहन खनियारा से आकर चौक पर यू टर्न लेता है और तभी मैकलोडगंज से आने वाला वाहन भी खनियारा जाने के लिए यू टर्न लेना चाहता है। ऐसे में कई बार आधे से एक घंटे तक जाम लग जाता है। इस दौरान खड़ा डंडा रोड, खनियारा, मैकलोडगंज और कोतवाली बाजार रोड पर लंबा जाम लगता है। ऐसे में अगर लावारिस मवेशी सड़क पर आ जाए तो जाम खुलने का नाम ही नहीं लेता है। शहर के व्यापारी काफी समय से मांग कर रहे हैं कि फव्वारा चौक पर यू टर्न लेना बंद किया जाए। प्रशासन इस संदर्भ में कड़े कदम उठाए। आवारा मवेेशियों की समस्या से निजात दिलाई जाए। व्यापारी कहते हैं कि अगर वाहन फव्वारा चौक से यू टर्न न लेकर सीधा गांधी पार्क से मुड़ें तो जाम की समस्या काफी हद तक हल हो पाएगी। चिंता इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि 15 अप्रैल से पर्यटन सीजन शुरू होने वाला और जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पर्यटकों और स्थानीय लोगों को विकराल समस्या का सामना करना पड़ेगा।
समस्या का होगा जल्द हल
नप अध्यक्ष कमला पटियाल ने कहा कि जल्द ही जाम की समस्या का हल किया जाएगा। समस्या को जिला प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा।
कम आ रहे ग्राहक
आरके अग्रवाल निवासी कोतवाली ने बताया कि शहर में उनकी दुकान है। जाम लगने के कारण दुकान में खरीददारी करने लोग कम आ रहे हैं। जाम का जिला प्रशासन स्थायी हल निकाले।
बाईपास मार्ग से हो वाहनाें की आवाजाही
राजेश वर्मा पार्षद वार्ड नंबर सात ने बताया कि बाईपास मार्ग से वाहनों की आवाजाही होनी चाहिए। इससे शहर में जाम लगने की समस्या का हल होगा।
बड़े वाहन बने जाम का कारण
विरेंद्र परमार निवासी कोतवाली ने बताया कि बड़े वाहनों के कारण शहर में जाम लग रहा है। जाम काफी देर के बाद खुलता है।
लावारिस पशुओं के कारण लग रहा जाम
व्यापार मंडल के महासचिव नरेंद्र जम्वाल ने कहा कि लावारिस मवेशियों के कारण भी जाम लग रहा है। इस समस्या का हल नगर परिषद को करना चाहिए।
