
टिहरा (मंडी)। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार ने पूरे देश को खोखला कर दिया है। आज बढ़ती महंगाई से आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। इसके बावजूद यूपीए सरकार को आम जनता की कोई फिक्र नहीं है।
शुक्रवार को सांसद अनुराग ठाकुर ने धर्मपुर क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर टिहरा, तनिहार, गद्दीधार व चोलगढ़ में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना। कहा कि यूपीए सरकार का कार्यकाल महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी तथा घोटालों के नाम से जाना जाएगा। आज पूरा देश महंगाई की मार झेल रहा है। देश की जनता यूपीए सरकार से तंग आ चुकी है और अगले साल होने वाले चुनाव का इंतजार कर रही है। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा केंद्र में सरकार बनाएगी। हमीरपुर में 11 करोड़ की लागत से शहीद स्मारक का निर्माण किया जाएगा। जिसमें एक करोड़ सांसद निधि से दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से शहीद स्मारक बनाने में सहयोग की अपील की है। अनुराग ने विकास कार्यों के लिए तनिहार पंचायत को तीन लाख रुपये, कोट को डेढ़ लाख रुपये दिए। इस दौरान विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर ने भी कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम में सुंदरनगर भाजयुमो के जिला अध्यक्ष रजत ठाकुर, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मंढोत्रा, महासचिव सुख राम राणा, देश राज पालसरा, जिला उपाध्यक्ष दीवान चंद, जिला परिषद सदस्य वंदना गुलेरिया, टिहरा शक्ति केंद्र के प्रधान देव राज, धर्मपुर युवा अध्यक्ष विशाल ठाकुर, तनिहार पंचायत प्रधान सीमा देवी, कोट की उपप्रधान शांति स्वरूप आदि मौजूद रहे।
कन्या स्कूल मंडी लोकनृत्य में अव्वल
मंडी। सदर जोन मंडी की अंडर-14 छात्रा खेलें संपन्न हो गई हैं। जिसमें रावमापा कन्या मंडी की छात्राओं ने लोकनृत्य एवं समूहगान में पहला स्थान हासिल किया। एकांकी मे दूसरा जबकि भाषण एवं कंठ संगीत में तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य बलवीर भारद्वाज ने यह जानकारी दी।
