
धर्मशाला (आत्मा राम)अखिल भरतीय विद्यार्थी परिषद ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के मकसद से तीसरे चरण का कार्य आरंभ कर दिया है। धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री नवीन शर्मा ने युवाओं से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। इस समय देश में विद्यार्थी परिषद के 20 लाख के करीब सदस्य हैं जो मतदान के लिए जन जागरण अभियान में भाग ले रहे हैं। दूसरे चरण में कॉलेजों में मतदान जनजागरण अभियान के बाद तीसरे चरण में विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता निजी शिक्षण संस्थानों के छात्रों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। यूपीए सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार, राष्ट्रीय सुरक्षा, महिला सुरक्षा, बेलगाम महंगाई, आर्थिक अस्थिरता जैसे मुद्दों को युवाओं के सामने रखा जाएगा।
