यूएस नगर की बेटियों की साहसिक खेलों में रुचि नहीं

रुद्रपुर। पढ़ाई और खेलकूद में आगे रहने वाली जिले की लड़कियां साहसिक खेलों में रुचि नहीं ले रही हैं। पर्यटन विभाग के प्रयास भी उनका रूझान जुटाने में असफल साबित हो रहे हैं। जबकि साहसिक क्षेत्र में भी प्रशिक्षण के बाद रोजगार की अपार संभावना रहती हैं। अन्य जिलों के मुकाबले ऊधमसिंह नगर में लड़कियों के प्रतिभाग करने की स्थिति अच्छी नहीं है। लड़कों के सापेक्ष में प्रतिभाग करने का जो अनुपात अन्य जिलोें में करीब चालीस फीसदी है। वह यहां महज दस फीसद में ही सिमट कर रह गया है।
दरअसल पर्यटन व साहसिक खेलकूद प्रतियोगिताओं/प्रशिक्षणों को बढ़ावा देने की जिम्मेदारी जिलों में पर्यटन एवं साहसिक विभाग की होती है। विभाग समय समय पर प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन कराता है। पर्वतारोहण, राफ्टिंग, तैराकी के गुर, आपदा के दौरान बचाव के उपाय आदि मुख्य प्रशिक्षण होते हैं। मगर जिले की लड़कियां साहसिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने से कतरा रही हैं। जिला साहसिक एवं पर्यटन विभाग के मुताबिक इस वित्तीय वर्ष अब तक पर्वतारोहण, राफ्टिंग के संबंध में चार प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया गया। सभी शिविरों के आधार पर तैयार आंकड़ों पर गौर करें तो इसमें लड़कियों के प्रतिभाग का अनुपात केवल दस फीसदी के करीब है। जबकि सूत्रों के मुताबिक अन्य जिलों में लड़कियों के प्रतिभाग का यह अनुपात चालीस से अधिक है।

Related posts