युवाओं को हाकी के प्रति जागरूक करेंगे

रानीखेत। हॉकी के जादूगर दिवंगत मेजर ध्यान चंद्र के जन्मदिन पर इस बार जिला हाकी संघ ने आगामी 29 अगस्त से एनसीसी मैदान में हॉकी प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया है। संघ का कहना है कि वर्तमान में राष्ट्रीय खेल हाकी तमाम तरह की दुश्वारियों से जूझ रहा है। समय-समय पर प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने की योजना है।
जिला हाकी संघ के अध्यक्ष अगस्त लाल साह की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि स्व. मेजर ध्यान चंद्र ने अपने जादुई खेल के माध्यम से पूरे विश्व में हाकी को पहचान दिलाई। धीरे-धीरे यह खेल भारत का राष्ट्रीय खेल बन गया, लेकिन तमाम कारणों के चलते देश में वर्तमान में हाकी अपने पुराने गौरव को खोता नजर आ रहा है। संघ अब समय-समय पर प्रतियोगिताएं आयोजित कर युवाओं को इस खेले के प्रति जागरूक करेगा। गांवों के युवाओं को भी आगे लाने की कोशिश की जा रही है। 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद्र की जयंती है। इसी दिन यहां एनसीसी मैदान में विभिन्न वर्गों में हाकी प्रतियोगिता होगी। इस प्रतियोगिता के लिए जिला खेलकूद कार्यालय अल्मोड़ा भी सहयोग कर रहा है। 29 अगस्त को ही एक विशिष्ट हाकी मैच होगा। जिसमें अल्मोड़ा और रानीखेत के 50 वर्ष की आयु पार कर चुके खिलाड़ी आपस में भिड़ेंगे। बैठक में जिला क्रीड़ा अधिकारी रसिका सिद्धिकी, उपाध्यक्ष सुकृत साह, सचिव धीरेंद्र बिष्ट, उपसचिव ललित बिष्ट, कोषाध्यक्ष संजय बिष्ट, हाकी कोच धीरज वर्मा, हेमंत बिष्ट, अधिवक्ता हरीश मनराल, दीपक कन्नौजिया, अनिल वर्मा, अधिवक्ता विजय वर्मा, शंभू लाल वर्मा, देवेंद्र चंद्र साह, गोविंद बिष्ट, भुवन साह, प्रताप बिष्ट, भुवन आर्य, रतन चौरसिया, संतोष साह आदि मौजूद थे।

Related posts