
धर्मशाला। बड़े-बड़े दिग्गजों को अपनी फिरकी और ‘दूसरा’ में उलझा चुके स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह हिमाचल में क्रिकेट अकादमी खोलने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए भज्जी ने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन से भी हाथ मिलाया है। चैंपियंस लीग टी-20 का फाइनल जीतने के बाद हरभजन सिंह ने प्रदेश में अकादमी खोलने की घोषणा की है। एचपीसीए ने भी हरभजन सिंह की इस घोषणा का स्वागत किया है। हरभजन सिंह वर्तमान में जालंधर में क्रिकेट अकादमी चला रहे हैं। इसमें पंजाब के 200 से अधिक युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इसके अलावा टीम इंडिया के धुरंधर बल्लेबाज क्रिकेटर युवराज सिंह भी प्रदेश में क्रिकेट अकादमी खोलने के लिए एचपीसीए से हाथ मिला चुके हैं। प्रदेश में दोनों क्रिकेटरों की ओर से क्रिकेट अकादमियां खोलने से यहां के क्रिकेट को बल मिलेगा।
प्रदेश में क्रिकेट को बल मिलेगा
एचपीसीए के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में एचपीसीए के सहयोग से युवराज सिंह के बाद अब हरभजन सिंह (भज्जी) ने भी अकादमी खोलने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट की दुनिया के दो महान क्रिकेटरों के अकादमी खोलने से प्रदेश में क्रिकेट को बल मिलने के साथ युवाओं को क्रिकेट के गुर सीखने का मौका मिलेगा। आगे चलकर प्रदेश के युवा भी भारतीय टीम में अपनी जगह बना पाएंगे।
