युवती ने धुना सरफिरा मजनू

शाहतलाई (बिलासपुर)। मैं तुम से प्रेम करता हूं। क्या मुझसे मिलोगी? हर रोज मोबाइल पर फोन कर तंग करने वाले ऐसे ही एक मजनू की युवती ने धुनाई कर डाली। वेलेनटाइन डे से ठीक एक दिन पहले युवती ने युवक की आशिकी का ऐसा भूत उतारा कि उसे माफी मांग कर अपनी जान छुड़ानी पड़ी। मामला शाहतलाई इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक एक युवक एक युवती को आए दिन फोन कर तंग करता था। कई दिनों से यह सिलसिला चल रहा था। युवती ने उसे सबक सिखाने के लिए फोन पर ही उसे शाहतलाई में बुला लिया। वीरवार को युवक जैसे ही शाहतलाई पहुंचा तो युवती ने उसकी धुनाई शुरू कर दी। मामला थाने तक पहुंचा। इलाके में इसकी खूब चर्चा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक लड़की और लड़के के परिजनों को थाने बुलाया गया। युवक ने सबके सामने माफी मांगी तब कहीं जाकर मामला रफादफा हुआ। डीएसपी हेडक्वार्टर प्रताप सिंह ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है। दोनों पक्षों में माफी मांगने के बाद समझौता हो गया।

Related posts