युवती के थाने से भागने पर मचा हड़कंप

भगवानपुर। एसडीएम के आदेश पर एक युवती को नारी निकेतन भेजने की तैयारी कर रही पुलिस में उस समय हडंकंप मच गया जब युवती चुपचाप थाने की चहारदीवारी फांदकर फरार हो गई। पुलिस ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसे गन्ने के खेत से पकड़ा। इसके बाद ही उसे नारी निकेतन भेजा जा सका।
गौरतलब है कि यूपी के बेहट थाना क्षेत्र के करौंदी गांव निवासी युवती भगवानपुर रायपुर में रहती है और एक फैक्ट्री में काम करती है। रायपुर में युवती का एक युवक से प्रेम प्रसंग हो गया था। शुक्रवार को युवती के परिजन उसे लेने रायपुर गांव पहुंचे तो उसका परिजनाें के साथ विवाह हो गया। इसपर पुलिस उसे थाने ले आई। शुक्रवार शाम उसे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने उसे नारी निकेतन भेजे जाने के आदेश दिए। पूरी रात युवती थाने में रही। शनिवार सुबह पुलिस उसे नारी निकेतन ले जाने की तैयारी कर रही थी लेकिन इससे पहले ही युवती थाने की चाहरीदवारी फांदकर फरार हो गई। कुछ देर बाद पुलिस को इसकी भनक लगी तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने युवती की खोजबीन शुरु की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद थाने के पीछे स्थित गन्ने के खेत से युवती को खोज निकाला गया। इसके बाद उसे नारी निकेतन देहरादून भेजा जा सका।

Related posts