युवती का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया

मंडी। मंडी शहर में एक युवती का फर्जी फेसबुक एकाउंट बनाकर अश्लील सामग्री डालने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले की सदर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस में यह शिकायत ओमकार सिंह पुत्र गुरबख्श निवासी रामनगर की ओर से दर्ज करवाई गई है। पुलिस के अनुसार किसी ने शिकायतकर्ता की एक रिश्तेदार युवती का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया है। इस अकाउंट पर आरोपी पिछले दो माह से लगातार अश्लील पिक्चर और कमेंट्स अपलोड कर रहा है।
फेसबुक में इस तरह की हरकतों के कई मामले प्रकाश में आ चुके हैं, जिससे पीड़ित को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस के अनुसार इस मामले में भी आरोपी द्वारा फर्जी फेसबुक अकाउंट में युवती की प्रोफाइल पिक्चर रखी गई है, लेकिन युवती को इस बात का पता नहीं है कि उसके नाम और प्रोफाइल पिक्चर से बनाए गए फेसबुक अकाउंट पर कौन इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री अपलोड कर रहा है। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी आरएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts