युवतियों को मिलेगा स्वरोजगार का प्रशिक्षण

चंबा। हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट कारपोरेशन की ओर से जिला में 19 प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएंगे। इन प्रशिक्षण केंद्रों को खोलने के लिए सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है। शीघ्र ही इन केंद्राें में प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा।
जानकारी के मुताबिक जनजातीय क्षेत्र भरमौर में निगम के दस केंद्र खोले जाएंगे। इसमें कुगती, लांबू, गुआड़, कुठेड़, तुंदा, सचुईं सैरीकाउ, सांह और रजोआ शामिल हैं। इसके अलावा एक केंद्र निगम के जिला कार्यालय, जांघी, पियूहरा, बलोठ और तीन केंद्र भटियात में खोले जाएंगे। इन केंद्रों में स्थानीय युवतियों को विभिन्न प्रकार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें तीन केंद्रों में कढ़ाई, चार कें द्रों में हैंड नीटिंग, छह प्रशिक्षण केंद्रों में हैंडलूम और तीन केंद्रों में चंबा रुमाल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे स्थानीय युवतियों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। प्रत्येक केंद्र में दस युवतियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ में ट्रेनी को ढाई हजार रुपये की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी। इसमें विशेष रूप से एसटी से संबंध रखने वाली युवतियों को स्वरोजगार मिलेगा। हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट कारपोरेशन के मंडलीय प्रबंधक चंद्रपाल शर्मा ने बताया कि जिला में 19 के करीब नए प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार की ओर से स्वीकृति मिल गई है। जिला में खुलने वाले प्रत्येक प्रशिक्षण केंद्र में एक प्रशिक्षक को नियुक्त किया जाएगा। सरकार की ओर से प्रशिक्षक को छह हजार रुपये प्रति माह वेतन दिया जाएगा। हर केंद्र में छह माह तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Related posts