
शिलाई (सिरमौर)। शिलाई क्षेत्र की दो पंचायतों में एक युवक और युवती की मौत से मातम पसरा हुआ है। दो जवान लोगों की अचानक हुई इस मौत से क्षेत्र में मरघट सी खामोशी छाई हुई है। युवक सेना में तैनात था तथा युवती गांव में ही रहती थी। युवक की वर्तमान में मेरठ में पोस्टिंग थी। अचानक तबीयत बिगड़ने से युवक ने वहीं दम तोड़ दिया जबकि युवती की मौत गांव में हुई। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों की शादी की बात भी चल रही थी। मौत के असली कारणों का हालांकि अभी खुलासा नहीं हो पाया है लेकिन चर्चाएं तमाम तरह की हो रही हैं। दोनों परिवारों के लोग भी कुछ बताने को तैयार नहीं।
लोगों के मुताबिक वीरवार को युवती की अचानक मौत हो गई। परिजन किसी काम से घर से बाहर थे। शुुक्रवार को युवती का दाह संस्कार कर दिया गया। पंचायत प्रधान दिउडू राम और उपप्रधान गुमान सिंह पोजटा ने युवती की मौत की पुष्टि की है। कहा कि उन्हें मौत के कारणों की जानकारी नहीं है। उधर शनिवार को शिलाई क्षेत्र की एक पंचायत के युवक की मौत ने ग्रामीणों को एक और झटका दे दिया। युवक भारतीय सेना में मेरठ में तैनात था। परिजन शव को लेने मेरठ रवाना हो गए हैं। खबर लिखे जाने तक शव गांव नहीं पहुंच पाया था। पंचायत कोटी – बौंच की प्रधान उर्मिला देवी ने शोक प्रकट करते हुए घटना की पुष्टि की। कहा कि उन्हें मौत की सूचना मिली है।
