
रिवालसर (मंडी)। नगर पंचायत रिवालसर के वार्ड नंबर-चार में एक युवक की दो युवकों ने धोखे से जंगल में ले जाकर धुनाई कर डाली। दोनाें आरोपी युवकों ने पीड़ित युवक को काम के बहाने बुलाया था। इसके बाद उसे धोखे से जंगल में ले गए, जहां बुरी तरह पीटकर से लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दोनों आरोपियाें को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत रिवालसर के वार्ड नंबर चार निवासी नवीन भारद्वाज को विकासनगर निवासी रूपदेव तथा रूपलाल घर से काम के सिलसिले में बुलाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद दोनाें ने मिलकर जंगल में एकांत में उसकी धुनाई कर डाली। धुनाई करने के बाद दोनाें पीड़ित को जंगल में छोड़ गए। पुलिस को दिए बयान में पीड़ित ने बताया कि वह मुश्किल से घर पहुंचा तथा इसके बाद रिवालसर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने पीड़ित का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रति में मेडिकल करवाया। इसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आपसी रंजिश के चलते युवक की धुनाई की गई। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए रिवालसर पुलिस चौकी प्रभारी सुशील गुलेरिया ने बताया कि भादसं की धारा 341, 323, 504, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियाें को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस छानबीन कर रही है
