
सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के युला के लिए 16 जून के बाद बड़े वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद है। इसके चलते सड़क पर बस सेवा भी करीब चार माह से बंद है। बड़े वाहन न चलने के कारण जहां लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं सेब बागवानों को भी सेब मंडियों तक पहुंचाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बंद होने से क्षेत्र के करीब आठ सौ लोग प्रभावित हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी करीब पांच किमी उरनी युला लिंक सड़क जून से बंद है। क्षेत्रवासियों प्रधान युला सुशील नेगी, महिला मंडल प्रधान बसंती देवी नेगी, उपप्रधान शमशेर नेगी, निचार मंडल महामंत्री दिवान नेगी, भागवैन मंदिर कमेटी सचिव शारब नेगी, दिनेश नेगी, अरुण नेगी, प्रदीप नेगी, जय प्रकाश नेगी, बलविंद्र नेगी सहित कई अन्य ग्रामीणों का कहना है कि लोनिवि की लापरवाही के चलते करीब चार माह से सड़क बंद है। इसके चलते जहां आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी निजी वाहनों में मोटी राशि खर्च कर सफर करना पड़ रहा है। बागवानों को अपनी नकदी फसल को भी मंडियों तक पहुंचाने में परेशानी आ रही है। इन लोगों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि इस सड़क को बड़े वाहनों के लिए जल्द बहाल किया जाए। इसके बारे में लोनिवि के एक्सईएन भावानगर हंसराज भारद्वाज ने कहा कि सड़क बहाल कर दी गई है।
जबकि, आरएम रिकांगपिओ डीएस रघु ने कहा कि बस रूट पर भेजी गई थी लेकिन, सड़क खराब होने की वजह से बस नहीं जा सकी।
