युकां ने फूंके भाजपा नेताओं के पुतले

ददाहू (सिरमौर)। भाजपा की भ्रष्ट नीतियों पर प्रहार करते हुए युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को ददाहू में भाजपा के शीर्ष नेताओं के विरुद्घ धरना प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। इस बीच युकां महासचिव यशवंत सिंह ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ददाहू के मुख्य बाजार में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल एवं अनुराग ठाकुर के पुतले फूंके।
युकां महासचिव यशवंत सिंह ठाकुर ने कहा कि धूमल और उनके पुत्र अनुराग ठाकुर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की छवि को खराब करके उनको बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं। भाजपा की भ्रष्ट नीतियां देश को बर्बाद करने में लगी हुई हैं। युकां कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पर भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा ने जो छिंटाकशी वीरभद्र सिंह पर की है आने वाले लोकसभा चुनाव में प्रदेश की जनता उसका करारा जवाब देगी। प्रदेश की चारों सीटों पर कांग्रेस काबिज होगी। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि धूमल एवं अनुराग ठाकुर का यही रवैया रहा तो कांग्रेस उनका घेराव करेगी।
इस मौके पर विनोद कंठ, मुल्तान सिंह, जयपाल ठाकुर, सोहन सिंह तोमर, भरत सिंह, जगपाल सिंह, सुखदेव, ललित भारद्वाज, रविंद्र सिंह, कुलदीप, राजेंद्र शर्मा, सुनील कुमार एवं विजेंद्र सिंह आदि दर्जनों युकां कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related posts