यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठा रहे टैक्सी चालक

अल्मोड़ा। दैवीय आपदा के चलते कई लोग मार्गों में फंसे हैं। वहीं टैक्सी चालक यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर मनमाना किराया वसूल रहे है। टैक्सी चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने की शिकायत लोगों ने जिलाधिकारी से की है। प्रशासन ने टैक्सी किराए के रेट तय कर दिए हैं। डीएम ने कहा है कि अधिक किराया वसूलने की शिकायत मिलने पर दोषी चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
बारिश के बाद सड़कें बंद हो गई हैं। अल्मोड़ा-खैरना मार्ग बंद है। सड़कें बंद होने पर कई यात्री गंतव्य को नहीं पहुंच पा रहे हैं। अल्मोड़ा से हल्द्वानी को वाहन वाया रानीखेत अथवा रामगढ़ होते हुए आ-जा रहे हैं। आपदा के समय यात्रियों की मजबूरी का फायदा टैक्सी चालक उठा रहे हैं। टैक्सी चालक यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। टैक्सी चालक हल्द्वानी का किराया पांच सौ रुपये से अधिक ले रहे हैं। लोगों ने इसकी शिकायत प्रशासन के अधिकारियों से की है।
इसको जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी ने बताया कि टैक्सी किराए के रेट निर्धारित कर दिए गए हैं। हल्द्वानी का किराया वाया रानीखेत 400 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा अन्य मार्गों के भी रेट तय कर दिए है। जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों को सुपरविजन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एआरटीओ को निर्देश दिए हैं कि छापे मारकर अधिक किराया वसूलने वाले टैक्सी चालकों के खिलाफ कार्रवाई करें।

सब्जियों के अधिक दाम वसूले तो होगी कार्रवाई
अल्मोड़ा। आपदा के बाद बाजार में सब्जियों के भी रेट बढ़ गए हैं। मनमाने दाम लेने की शिकायत को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी ने बताया कि रेट तय कर दिए गए हैं। यदि सब्जी के निर्धारित रेटों से अधिक दाम वसूले गए तो कार्रवाई होगी। अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि छापे मारें।

Related posts